मध्यप्रदेश में कोरोना महामारी के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। यह संख्या 731 पर पहुंच गई है। वहीं, राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 50 तक पहुंच गया है। इनमें सबसे ज्यादा 35 मौतें इंदौर से हैं। इनके अलावा, भोपाल में चार, उज्जैन में 6, खरगोन में 3, छिंदवाड़ा और देवास में एक-एक मरीज की जान गई। मध्यप्रदेश देश में ऐसा दूसरा राज्य बन गया है। जहां मौत का आंकड़ा 50 के पार चला गया है। महाराष्ट्र में 160 लोगों की जान जा चुकी है। इसमें भी सिर्फ मुंबई में ही 100 लोगों की जान गई।
स्वास्थ्य आयुक्त फैज अहमद किदवई ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 1171 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है। इसमें 126 नए पॉजिटिव हैं। इंदौर 98, भोपाल 20, उज्जैन 1, बड़वानी 2, जबलपुर, श्योपुर, मंदसौर और रतलाम, टीकमगढ़ में एक-एक केस मिला। टीकमगढ़ में यह पहला केस है। 24 जिलों में 278 कैंटोनमेंट एरिया बनाए गए हैं। 51 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए हैं।
उधर, लॉकडाउन के पार्ट- एक का आज आखिरी दिन था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को कोरोना महामारी पर देश के चौथे संदेश में कहा कि देश में 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया जाता है। वहीं, 20 अप्रैल तक हर कस्बे को बारीकी से परखा जाएगा और फिर आगे की रियायत देने पर विचार किया जाएगा। देशभर में पहले लॉकडाउन 25 मार्च से 14 अप्रैल तक लगाया गया था। कोरोना संक्रमण प्रदेश के 24 जिलों तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस बारे में आगाह कर चुके हैं। सीएम का कहना था कि हम संक्रमण रोकने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाला समय कैसा होगा, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।